नई दिल्ली : राजस्थान के लोकसभा सदस्य सांसद डॉ. महेश जोशी को लोकसभा अध्यक्ष द्वारा भारतीय प्रेस परिषद के 11वें सत्र के लिये सदस्य मनोनीत किया गया है। यह जानकारी सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी की गई अधिसूचना एवं भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय की भारत के असाधारण राजपत्र में दी गई है। डॉ. जोशी का मनोनयन केंद्रीय सरकार प्रेस परिषद् अधिनियम, 1978 (1978 का 37) की धारा 6 की उप-धरा (6) के साथ पठित धारा 5 की उप-धारा (3) और उप-धारा (5) के अनुसरण में 15 जून, 2011 को जारी की गई अधिसूचना में संशोधन करते हुए किया गया है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रेस परिषद के 11वें सत्र के लिये कुल सत्ताईस सदस्यों को मनोनीत किया गया था, जिनमें लोकसभा से मीनाक्षी नटराजन, श्री हरीन पाठक और श्री संजय दीना पाटिल (सभी सांसद) और राज्य सभा से केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव शुक्ला और प्रकाश जावडेकर (सांसद) को मनोनीत किया गया था। श्री जोशी को मीनाक्षी नटराजन के स्थान पर प्रेस परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया है।





