कोलकाता : तृणमूल सांसद व पत्रकार कुणाल घोष की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं. शारदा चिटफंड घोटाले में पुलिस पूछताछ के बाद वे सहज होते उसके पहले ही चर्चित बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन ने उन्हें शारदा घोटाले में शामिल बताकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है. मंगलवार की दोपहर तस्लीमा नसरीन ने कुणाल घोष को कटघरे में खड़ा करते हुए दो ट्वीट किए.
तस्लीमा ने लिखा कि चिटफंड से हर महीने 60 लाख रुपये लेने वाले कुणाल घोष का दामन साफ कैसे हो सकता है. हालांकि, कुणाल घोष का वेतन 15 लाख रुपये प्रतिमाह था लेकिन तस्लीमा ने 60 क्यों लिखा यह समझ से परे है. इसके बाद उन्होंने लिखा कि कोलकाता से प्रकाशित बांग्ला साप्ताहिक रोबबार में छपने वाले उनके कॉलम का प्रकाशन कुणाल घोष ने ही बंद करवाया, ताकि वह मुख्यमंत्री को खुश कर सकें.





