महाराष्ट्र में परभणी जिले के सोनपेठ में गुरुवार की दोपहर दो बजे साकाल न्यूज पेपर के रिपोर्टर सुधीर बिंदू पर राष्ट्रवादी पार्टी के नगरसेवक चद्रकांत राठौड़ ने जानलेवा हमला किया. 'राष्ट्रवादी के शहर अध्यक्ष पद पर जिलानी की नियुक्ति' इस हेडिंग से आज सकाल में एक खबर पब्लिश हुई है. इस खबर में राठौड़ का उल्लेख था. इसी से खफा होकर उन्होंने सुधीर पर हमला बोल दिया. सुधीर ने इस मामले की रिपोर्ट स्थानीय पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है.
सुधीर पर हुए हमले के विरोध में पत्रकार संगठनों ने कल यानी शुक्रवार को सोनपेठ बंद का आवाहन किया है. पिछले एक महीने में परभणी जिले में पत्रकार के उपर हुये हमले की यह चौथी वारदात है. गौरतलब है कि पूर्णा के पत्रकार दिनेश चौधरी पर हुये हमले के मुख्य आरोपी पर अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है. आज के हमले की महाराष्ट्र पत्रकार हमला विरोधी कृती समिति के प्रमुख एसएम देशमुख ने कड़े शब्दों में निंदा की है.





