गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता और महानायक अमिताभ बच्चन द्वारा बोला गया जुमला, 'कुछ दिन तो गुजारिए गुजरात में' पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहा है। पर पत्रकार भी इसके मुरीद हो जाएंगे, ये किसी ने नहीं सोचा था। आरएसएस से जुड़ी बहुभाषी समाचार एजेंसी हिन्दुस्थान समाचार के सभी ब्यूरो प्रमुख व प्रबंधन मंडल के सदस्य व उनके खासमखास पत्रकार 3 मई से 7-8 मई तक गुजरात यात्रा पर जा रहे हैं।
सभी मोदी सरकार के खर्चे पर गुजरात की तफरीह करेंगे और मोदी के साथ रात्रिभोज भी करेंगे। इसमें सभी राज्यों के ब्यूरो प्रमुख, ब्यूरो प्रमुखों के खासमखास लोग, समिति के सदस्यों समेत दिल्ली में बैठे प्रबंधन के लोग शामिल होंगे। करीब 50-60 लोगों का दस्ता गुजरात के तमाम पर्यटन स्थलों की तफरीह पर निकलेगा। बता दें कि वैसे तो इस एजेंसी से ज्यादा अखबार खबर नहीं लेते एवं न ही इसका सर्कुलेशन ज्यादा है, फिर भी संघ से जुड़ाव के नाते और दमखम के साथ भावी पीएम उम्मीदवारी बनाने के लिए मोदी के मातहत कतई रिस्क लेने के मूड में नहीं हैं।





