: करप्शन के आरोपों से घिरी कांग्रेस के लिए रेलमंत्री बंसल नए आफत : करप्शन के नए नए आरोपों से लगातार घिरने वाली कांग्रेस पार्टी के लिए नए आफत रेलमंत्री पवन कुमार बंसल बन गए हैं. पता चला है कि उनका भांजा एक अफसर से दो करोड़ रुपये लेकर उसका प्रमोशन कराने वाला था. दो करोड़ में से पहली किश्त नब्बे लाख रुपये रेल मंत्री के भांजे के पास पहुंच चुकी थी. इसके बाद ही रेल मंत्री पीके बंसल के भांजे को घूसखोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया.
यह गिरफ्तारी सीबीआई ने की. रेल मंत्री के भांजे पर 90 लाख रुपये का रिश्वत लेने का आरोप है. भांजे का नाम वी. सिंघला है. रेलमंत्री के भांजे के खिलाफ रेलवे बोर्ड के एक सदस्य से 90 लाख रुपये की रिश्वत लेने के संबंध में मामला दर्ज किया गया था. सीबीआई ने रेलवे बोर्ड के सदस्य स्टाफ महेश कुमार और दो अन्य के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है. पवन बंसल के भांजे वी सिंघला को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है.
वी सिंघला पर रेलवे बोर्ड के सदस्य महेश कुमार से प्रमोशन के लिए घूस लेने का आरोप है. महेश कुमार को तीन दिन पहले ही रेलवे बोर्ड का सदस्य बनाया गया था. सूत्रों के अनुसार सीबीआई को कुछ संदिग्ध टेलीफोन कॉल मिली थी. जिसके बाद महेश कुमार के यहां छापा मारा गया.
इस छापेमारी के बाद घूसकांड के तार पवन बंसल के भांजे वी सिंघला तक पहुंचे. सीबीआई ने रेलवे बोर्ड के सदस्य महेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है. ताजा जानकारी के मुताबिक महेश ने अपने प्रमोशन के लिए दो करोड़ रुपये देने का वादा किया था. जिसकी पहली किस्त 90 लाख रुपये तय हुई थी.
सीबीआई के मुताबिक रेलवे बोर्ड के सदस्य महेश कुमार अपनी पोस्टिंग बदलवाना चाहते थे. गुरुवार को ही उन्होंने रेलवे बोर्ड के सदस्य पद का कार्यभार संभाला है. महेश कुमार इससे पहले वेस्टर्न रेलवे के जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत थे. सीबीआई इस मामले में छापेमारी कर रही है. चंडीगढ़ में दो जगहों पर छापे मारे गए हैं जिसमें से एक घर पवन बंसल के घर के पास है. चंडीगढ़ में हाउस नंबर 105 पर छापा मारा गया है जबकि दूसरा छापा सेक्टर-16 में पड़ा है.






