इंदौर। सेबी और सहारा ग्रुप के बीच चल रही लड़ाई में अब पूरे देश में ग्रुप की संपत्तियों की जानकारी ली जा रही है। सेबी ने एक पत्र इंदौर जिला प्रशासन को भेजा है। इसमें जिले में मौजूद सहारा की अचल संपत्तियों की जानकारी मांगी गई है। इस आधार पर सभी एसडीओ को इन संपत्तियों का ब्योरा बनाकर देने के निर्देश दिए गए हैं। एडीएम आलोक सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि संपत्तियों की जानकारी एकत्र की जा रही है। सारी जानकारी जुटाने के बाद इसे जल्द ही सेबी को भेज दिया जाएगा।
उधर, सहारा सिटी में फ्लैट, बंगले बुक कराने वालों की शिकायत पर प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। एसडीओ को इसका जिम्मा सौंपा है। उल्लेखनीय है कि एक माह पहले 20 लोगों ने कलेक्टर को शिकायत की थी कि साल 2003 में सहारा सिटी टाउनशिप लांच करते हुए 38 माह में पजेशन देने का वादा किया गया था, लेकिन कब्जा नहीं दिया गया। शिकायतकर्ताओं ने सुब्रतो रॉय सहारा व सुशांतो रॉय के खिलाफ करोड़ों रुपए की हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।





