आई नेक्स्ट, लखनऊ को जोरदार झटका लगा है. यहां से खबर है कि संपादकीय प्रभारी राधाकृष्ण त्रिपाठी और सर्कुलेशन मैनेजर प्रशांत त्रिपाठी ने इस्तीफा दे दिया है. संभावना है कि आई नेक्स्ट से कुछ और सीनियर जल्द ही इस्तीफा देने वाले हैं. राधा कृष्ण त्रिपाठी आई नेक्स्ट की परिस्थितियों से खुश नहीं थे. काफी समय से प्रबंधन से उनका टकराव चल रहा था. बताया जा रहा है कि इसके चलते ही उनपर कई आरोप भी लगाए गए. इन आरोपों से खिन्न होकर ही उन्होंने अखबार को अलविदा कह दिया. फिलहाल वे नोटिस पीरियड पर चल रहे हैं.
हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि प्रबंधन ने उनसे इस्तीफा मांगा था. संभावना जताई जा रही है कि राधाकृष्ण अपनी नई पारी लखनऊ से लांच होने जा रहे नवभारत टाइम्स या फिर हिंदुस्तान से कर सकते हैं. दूसरी तरफ आई नेक्स्ट के सर्कुलेशन मैनेजर प्रशांत त्रिपाठी ने भी इस्तीफा दे दिया है. वे भी लंबे समय से आई नेक्स्ट से जुड़े हुए थे. प्रशांत का जाना आई नेक्स्ट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. दो सीनियरों के इस्तीफा ने आई नेक्स्ट को परेशानियों में डाल दिया है. खबर है कि प्रशांत त्रिपाठी अपनी नई पारी लखनऊ में ही टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ शुरू कर रहे हैं. उन्हें यहां भी सर्कुलेशन मैनेजर बनाया गया है.





