कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच भाजपा के हाथ से सत्ता खिसकना तथा कांग्रेस की सरकार बनना लगभग तय हो गया है। राज्य में अब तक सभी 223 सीटों पर मतगणना में रुझान सामने आने लगे हैं। कांग्रेस ने बहुमत के लिए जरूरी 112 सीटों से आगे 117 सीटों पर बढ़त बना ली है। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सिर्फ 37 सीटों पर आगे चल रही है तथा जनता दल-सेक्यूलर (जद-एस) 44 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। साफ है कि बीजेपी ने न सिर्फ सत्ता गंवाई बल्कि वो मुख्य विपक्षी दल भी नहीं बन पा रही है।
विधानसभा की 223 सीटों के लिए रविवार को मतदान हुआ था। भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदुरप्पा की कर्नाटक जनता पार्टी (केजेपी) ने 14 सीटों पर बढ़त बनाई है। अन्य तकरीबन 13 सीटों पर आगे चल रहे हैं। कर्नाटक विधानसभा में 224 निर्वाचित तथा एक मनोनित सदस्य होता है। एक विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार के निधन के बाद 223 सीटों पर ही मतदान कराया गया था। चुनाव के नतीजों को देखते हुए माना जा रहा है कि भ्रष्टाचार तथा येदुरप्पा के अलग होने की कीमत भाजपा को चुकानी पड़ रही है!






