मेरठ के टीवी पत्रकार सुधीर चौहान मंगलवार की रात एक हमले में गंभीर रूप से जख्मी हो गये. उनको सुशीला जसवंत रॉय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पता चला है कि सुधीर चौहान अपने साथी पत्रकार प्रवीन चौहान और इवज चौक पर रत्न नगीने बेचने वाले शांतनु नामक युवक के साथ कही खाना खाने जा रहे थे. रास्ते में कुछ युवकों से उनके वाहन की टक्कर हो गई. रोड रेज को लेकर दोनों पक्षों में कहा सुनी हो गई.
बताया जा रहा है कि लड़के इन तीनों लोगों को चेतावनी देकर गये और पन्द्रह मिनट बाद करीब दस लड़के हथौड़े और सरिया लेकर आये. इसके बाद लड़कों ने इन तीनों लोगों पर हमला कर दिया. लेकिन सबसे ज्यादा चोट सुधीर चौहान को आयी. बताया गया कि उनकी हथौड़े और सरियों से पिटाई की गयी, जिसमें उसकी टांग की हड्डी टूट गयी है. शरीर पर भी कई जगह चोट हैं. घटना की जानकारी पाकर काफी पत्रकार अस्पताल पहुंचे, लेकिन सबको हैरत इस बात पर रही कि हमलावर इतने थे तो चोट अकेले सुधीर को क्यों लगी?
पत्रकारों ने यह सवाल सुधीर के साथ रहे लोगों से पूछा भी, लेकिन कोई माकूल जवाब नहीं मिला. घटना की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई गयी है. बस एसएसपी से कहा गया की हमलावरों का इलाज करा दीजिये ताकि फिर ऐसा नहीं हो. हालांकि इस घटना को लेकर पत्रकार बिरादरी में ही तरह तरह की चर्चा है. सुधीर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.





