इंदौर। इंदौर शहर में चार दशक की नगरीय पत्रकारिता (सिटी रिपोर्टिंग) पर एक दस्तावेज प्रकाशित करने का निर्णय इंदौर प्रेस क्लब ने लिया है। यह निर्णय मंगलवार शाम वरिष्ठ पत्रकार विनय लाखे के निधन पर आयोजित शोकसभा में लिया गया।
इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण कुमार खारीवाल ने बताया कि इंदौर में पत्रकारों द्वारा की गई सिटी रिपोर्टिंग पर प्रस्तावित पुस्तक स्व. विनय लाखे को समर्पित रहेगी। इसमें १९६०-७०-८० और ९० के दशक में सिटी रिपोर्टिंग और सिटी रिपोर्टर्स के अनुभवों-स्मरणों को संकलित किया जाएगा।
शोक सभा को शशीन्द्र जलधारी, रमण रावल, जीवन साहू, अतुल लागू, महेंद्र दुबे, बाबूलाल कुलवाल, विजय अड़िचवाल, राजेश ज्वेल, सुभाष जैन आदि ने संबोधित किया एवं विनय लाखे स्वाभिमानी व निर्भीक पत्रकार बताया। श्री लाखे इंदौर प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्यों में शरीक थे और इंदौर प्रेस क्लब का विधान बनाने वाली समिति के सदस्य भी थे।





