मात्र दस महीने पहले लांच हुआ समाचार प्लस यूपी-उत्तराखंड चैनल ने पहले से जमाए जमाए चैनलों को चौंका दिया है. समाचार प्लस ने 18वें सप्ताह में भी यूपी-उत्तराखंड में अपना परचम लहराया है. इस सप्ताह यह चैनल सबसे ज्यादा रेटिंग गेन करने वाला चैनल बना है. अठारहवें सप्ताह भी यह चैनल न केवल दूसरे पायदान पर जमा है बल्कि ईटीवी से अपना फासला कम करते हुए उसकी गर्दन तक पहुंच गया है. अगर समाचार प्लस की बढ़त इसी तरह जारी रही तो आने वाले कुछेक सप्ताह में यह चैनल नम्बर वन की कुर्सी पर भी काबिज हो सकता है.
इस सप्ताह समाचार प्लस 1.06 की बढ़त के साथ कुल 3.99 GRP लेकर दूसरे स्थान पर और मजबूत हुआ है, जबकि पहले स्थान पर मौजूद ईटीवी मात्र 0.14 की बढ़त के साथ 4.94 GRP पर है. सत्रहवें हफ्ते में समाचार प्लस 2.93 और ईटीवी 4.8 GRP के साथ क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर थे. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में दर्शकों द्वारा सर्वाधिक समय तक केवल समाचार प्लस देखा जा रहा है.
TSU की श्रेणी में इस हफ्ते समाचार प्लस 1.13 के साथ पहले पर मौजूद ईटीवी से मात्र 0.2 GRP नीचे हैं. यानी मार्केट शेयर में समाचार प्लस वर्षों से जमे जमाए ईटीवी की नाक तक पहुंच गया है. उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड बेस्ड अन्य रीजनल चैनल जी न्यूज यूपी/उत्तराखंड, सहारा समय यूपी/उत्तराखंड और इंडिया न्यूज यूपी/उत्तराखंड समाचार प्लस से लगातार बहुत पिछड़ते जा रहे हैं. समाचार प्लस का प्राइम टाइम शो- बिग बुलेटिन दोनों राज्यों में सर्वाधिक देखे और सराहे जाने वाले शो के रूप में लगातार अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए हुए है. क्राइम शो एनकाउंटर ने भी अपने प्रतिस्पर्धी चैनलों के क्राइम शो को बहुत पीछे छोड़ दिया है.
तेजी से नंबर एक की तरफ बढ़ते समाचार प्लस ने सीईओ उमेश कुमार के नेतृत्व में जितनी जल्दी अप्रत्याशित सफलता हासिल की है, उससे मीडिया जगत में खलबली मची हुयी है. तमाम रीजनल चैनल इसका कारण ढूंढने में लगे हुए हैं. चैनल के मैनेजिंग एडिटर अमिताभ अग्निहोत्री को दोनों प्रदेशों में "जनता का प्रवक्ता" के रूप में सराहा जा रहा है. सीईओ उमेश कुमार के कुशल नेतृत्व तथा मैनेजिंग एडिटर अमिताभ अग्निहोत्री, कार्यकारी संपादक प्रवीण साहनी और अतुल अग्रवाल के साथ समाचार प्लस टीम की सफलता निश्चित रूप से चौंकाने वाली है.







