कोलकाता। चिटफंड घोटाले के सामने आने के बाद मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है, जिनमें ज्यादातर आत्महत्या के मामले हैं, इस कड़ी में आज एक एजेंट की मौत और एक चिटफंड कंपनी के निदेशक की कथित आत्महत्या के बाद यह संख्या 11 पर पहुंच गई। 42 वर्ष के चिटफंड एजेंट मृणाल कांति मंडल ने निवेशकों के तकाजे से परेशान होकर रविवार की रात जहर खा लिया था। उसकी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी दी। मंडल उत्तरी 24 परगना जिले के संग्रामपुर गांव का रहने वाला था।
पुलिस को हैलो चिटफंड के निदेशक इंद्रजीत राय का उनके आवास पर फंदे से लटका शव मिला है। राय पिछले कुछ समय से अवसाद में था। एक चिटफंड एजेंट के 60 वर्षीय पिता जगदीश रॉय ने भारी बदनामी से घबराकर अपने उत्तरी 24 परगना जिले में अपने घर में खुद को फांसी लगा ली। (भाषा)





