: पटना से गोरखपुर जा रहे थे : पत्नी और बच्ची घायल : हिंदुस्तान, पटना में तैनात वरिष्ठ पत्रकार गंगेश श्रीवास्तव का एक सड़क हादसे में निधन हो गया. वे अपने परिवार के साथ पटना से गोरखपुर जा रहे थे. देवरिया जिले में कसया मार्ग पर भीमपुर के निकट सुबह उनकी जीप की एक ट्रक से सीधी टक्कर हो गई. इस हादसे में गंगेश श्रीवास्तव समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए. दो मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है. घायलों में गंगेश की पत्नी और पुत्री भी शामिल हैं.
गंगेश पटना में चीफ कॉपी राइटर के पद पर कार्यरत थे. वे अपने परिवार के एकलौते मर्द थे. उनके पिता का निधन पहले ही हो चुका है. गंगेश की मां और पत्नी के ऊपर तो पहाड़ टूट पड़ा है. गंगेश की तीन बेटियां ही थीं. बताया जा रहा है कि हिंदुस्तान प्रबंधन पटना में मौजूद उनकी मां और दोनों बेटियों को देवरिया भेज रहा है. हिंदुस्तान प्रबंधन यथासंभव मदद उपलब्ध कराने के प्रयास में जुटा हुआ है. गंगेश अपने ससुराल एक शादी में शामिल होने जा रहे थे कि यह हादसा हो गया.
इस हादसे पर अपना दुख व्यक्त करते हुए हिंदुस्तान के संपादक केके उपाध्याय ने कहा कि यह बहुत ही दर्दनाक हादसा है. उसके परिवार के लिए तो वज्र टूटा ही है लेकिन अखबार के लिए भी गंगेश का असमय निधन बड़ी क्षति है. गंगेश अपने काम में दक्ष था ही लेआउट और डिजाइन में भी उसकी कोई सानी नहीं थी. गंगेश के आकस्मिक निधन से मुझे बहुत ही तकलीफ पहुंची है.





