छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बस्तर जिले में रविवार सुबह दूरदर्शन के टीवी टावर पर किए गए नक्सलियों के हमले में तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए और एक अन्य घायल हो गया। छत्तीसगढ़ पुलिस के मुताबिक बस्तर जिले के परता पुलिस थाना के मरेंगा गांव में आज सुबह नक्सलियों ने टीवी टावर की सुरक्षा में तैनात जिला पुलिस बल के जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें तीन जवान शहीद हो गए और एक अन्य घायल हो गया।
जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मरेंगा गांव में दूरदर्शन का टीवी टावर है जिसकी सुरक्षा के लिए पुलिस के जवान तैनात किए जाते हैं। आज सुबह नक्सलियों ने यहां घात लगाकर हमला किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया और घायल को इलाज के लिए रायपुर भेज दिया गया। पुलिस ने हमलावर नक्सलियों की खोजबीन शुरू कर दी है।






