होगी प्यार की जीत…. यह कहानी फिल्मी है लेकिन सच…. जी हां! यूपी के चंदौली जिले में एक प्रेमिका को जब पता चला कि उसका प्रेमी किसी और से शादी रचाने जा रहा है तो उससे यह बात बर्दास्त नहीं हुई और वो अपने परिजनों को लेकर प्रेमी के घर पर धमक गयी। लेकिन उस वक्त प्यार में ट्विस्ट आ गया जब प्रेमी ने उसको अपनाने से इनकार करते हुए कहा कि उसने तो लड़की से कभी प्यार ही नहीं किया था बल्कि उन दोनों के बीच महज दोस्ती भर थी।
दरअसल चंदौली कोतवाली क्षेत्र के बरंगा गांव की रहने वाली मीरा और चंदौली कोतवाली क्षेत्र के ही जसुरी गांव के रहने वाले रवि की मुलाक़ात साल भर पहले एक शादी समारोह में हुयी थी। दोनों में बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा और दोनों एक दूसरे से प्यार कर बैठे। बकौल मीरा गुजरते वक्त के साथ इन दोनों का प्यार परवान चढ़ता गया और दोनों ने एक दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का फैसला कर लिया। लेकिन इसी बीच रवि की शादी कही और तय हो गयी। इस बात का पता जब मीरा को चला तो दीवानगी की सारी हदे तोड़ते हुए अपने परिजनों के साथ अपने प्रेमी के घर पहुंच गयी। मीरा तो अपने प्यार को पाने की खातिर लोक लाज की चिंता किये बिना प्रेमी की गलियों में पहुंच गयी, लेकिन रवि का कायर निकला।
रवि ने अपना रूप बदला तो मीरा के पैरों तले जमीन खिसक गयी। रवि ने मीरा से किये सारे वादे भुला दिए। इस सब के बीच गांव के लोगों की पंचायत पूरे मामले पर नजरें बनाये हुए थी और अंत में जब पंचायत को भरोसा हो गया कि युवक झूठ बोल रहा है तो बाद में दुनिया भर की पंचायतों को धत्ता बताते हुए चंदौली जिले के जसुरी गांव की इस पंचायत ने न सिर्फ इन दोनों की शादी करने का आदेश दिया। बल्कि प्रेम के दुश्मन होने की पंचायती छवि को भी तोड़ दिया। खुद ग्राम प्रधान जसुरी गुड्डू सिंह ने आगे आते हुए गांव के ही शिव मंदिर में सैकड़ों लोगों के सामने दोनों का विवाह सम्पन्न कराया।












