रूसी टीवी चैनल "मॉया प्लानेता", यानी "मेरा ग्रह" के कर्मीदल ने एक नया गिनीज़ विश्व रिकार्ड स्थापित किया है। इस चैनल के एक मॉडरेटर और दो कैमरा ऑपरेटरों ने एक ही देश के भीतर सबसे लंबी दूरी की कार यात्रा में भाग लिया है। इस चैनल के बहादुर कर्मियों ने रूस की राजधानी मास्को से रूस के सुदूर-पूर्वी नगर पेत्रोपाव्लोव्स्क-कमचात्स्की तक लगभग 16 हज़ार किलोमीटर की दूरी दो महीने की समयावधि में पूरी की। उन्होंने आधा रास्ता अच्छी भली सड़कों पर और आधा रास्ता कच्चे रास्तों पर कारें चलाते हुए तय किया। यह यात्रा इन लोगों के जीवन की एक सबसे अविस्मरणीय घटना बन गई है।
इन तीन साहसी लोगों ने यूरोप को एशिया से अलग करनेवाले यूराल पर्वतों, साइबेरिया के अलंघ्य घने जंगलों (ताइगा), तेज़ बहाव वाली गहरी नदियों, गहरी झीलों को पार किया है और शानदार राजमार्गों तथा साथ ही ख़स्ताहाल ऊबड़-खाबड़ सड़कों पर अपनी कारें चलाई हैं। इस अद्वितीय अभियान के प्रतिभागियों ने आर्कटिक वृत्त या उत्तर ध्रुवीय वृत्त (arctic circle) को दो बार पार किया। वे ऐसे कठोर जलवायु वाले इलाके से भी गुज़रे जहाँ हवा का तापमान शून्य से 56 डिग्री नीचे था। लगभग एक महीने तक उनके मोबाइल फोन काम नहीं कर रहे थे और न ही उन्हें जीवन के लिए मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध थीं। उनके पास खाना भी ऐसा था जैसा अंतरिक्ष यात्रियों को दिया जाता है। सब कुछ ट्यूब-बंद और डिब्बे-बंद। ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर कारों की रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटा से ज़्यादा नहीं थी।
इस अभियान के दौरान टीवी चैनल "मॉया प्लानेता" के कर्मीदल ने एक व्यक्ति की जान भी बचाई। रूस के कठोर जलवायु वाले उत्तरी प्रांत यकूतिया में इस व्यक्ति की कार बिगड़ गई थी। वहाँ सैकडों किलोमीटर तक कोई बस्ती नहीं थी। यह व्यक्ति किसी बस्ती की तलाश में दो दिन तक पैदल ही चलता रहा, लेकिन उसे कोई बस्ती दिखाई नहीं दी। उसकी अच्छी किस्मत कि उसे "मॉया प्लानेता" का कर्मीदल मिल गया। उसने इस आदमी को शीतदंश से बचाया और उसके घर तक पहुँचा दिया।
यात्रियों ने अपने रास्ते में अद्वितीय सौंदर्य की अद्भुत प्राकृतिक घटना, उत्तरी लाइट्स देखीं, साइबेरिया में रहती अल्प-संख्यक जातियों के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकातें कीं, उनके रोज़-मर्रा के जीवन पर वीडियो फ़िल्में बनाईं, रूस का एक सुदूर उत्तरी स्कूल देखा और गरम पानी के चश्मों पर खाना बनाने का कौशल भी सीखा।
अपनी इस यात्रा के दौरान कैमरा ऑपरेटरों ने कई दस्तावेज़ी फिल्मों के लिए वीडियो सामग्री तैयार की है जिसके आधार पर बनीं छह दस्तावेज़ी फिल्में जल्द ही टीवी दर्शकों की सेवा में हाज़िर की जाएंगी। प्रकृति का अद्वितीय सौंदर्य, स्थानीय निवासियों के जीवन की अद्भुत कहानियाँ, इस विशाल देश की विविधता और विशिष्टता: सब कुछ दिखाया जाएगा इन दस्तावेज़ी फ़िल्मों में। गिनीज़ बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल की गई इस अनूठी कार-यात्रा के बारे में ये दस्तावेज़ी फ़िल्में चालू साल की गर्मियों और शरद ऋतु में रूसी टीवी चैनल "मॉया प्लानेता", यानी "मेरा ग्रह" के दर्शकों को दिखाई जाएंगी। (रेडिया रूस)





