भारतीय तेज गेंदबाज एस श्रीसंत और राजस्थान रॉयल्स के उनके दो अन्य साथियों अजित चंदीला और अंकित चव्हाण को दिल्ली पुलिस ने आईपीएल-6 में स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों में गिरफ्तार किया है. दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने श्रीसंत को स्पॉट फिक्सिंग में कथित भूमिका के आरोप में बुधवार रात मुंबई में उनके दोस्त के घर से जबकि दो अन्य क्रिकेटरों को नरीमन प्वाइंट में टीम होटल से अरेस्ट किया.
इन तीनों खिलाड़ियों को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में मैच के बाद टीम होटल लौटने पर गिरफ्तार किया गया. मुंबई ने राजस्थान रॉयल्स को इस मैच में 14 रन से हराया था. दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि आईपीएल के पिछले मैचों में स्पॉट फिक्सिंग में भूमिका के लिये इन खिलाड़ियों पर नजर रखी जा रही थी. उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि किन मैचों पर नजर रखी गयी थी.
पुलिस ने इसके साथ इस मामले में मुंबई में सात और दिल्ली में तीन सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है. पुलिस को दिल्ली के दो अन्य सट्टेबाजों की तलाश है. तीनों खिलाड़ियों आईपीसी की धारा 420 और 120 (B) के तहत गिरफ्तार किया गया था. वहीं राजस्थान रॉयल्स की मालकिन शिल्पा शेट्टी ने कहा, 'हम इस मामले से खुद हैरान हैं. हम पुलिस की जांच में पूरी मदद करेंगे.' तीन क्रिकेटरों की गिरफ्तारी के बाद से क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है.
संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी संभावित हैं. गौरतलब है कि मैच फिक्सिंग के बाद स्पॉट फिक्सिंग को लेकर लंबे समय से तमाम क्रिकेटरों पर आरोप लगते रहे हैं.






