जयपुर । ख्यातनाम मरहूम सितार वादक पं. रघुवीरशरण भट्ट की स्मृति में 19 मई, रविवार को शाम 7 बजे अलवर के प्रताप बास स्थित होटल निर्वाणा पैलेस में शास्त्रीय संगीत की सांझ संजोयी जाएगी। जिसमें कला और साहित्य के क्षेत्र में वर्षों से लेखन कर रहे पत्रकार एवं पिंकसिटी प्रेस क्लब जयपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राहुल गौतम को कला-साहित्य पत्रकारिता सम्मान से नवाजा जाएगा। कार्यक्रम संयोजक पं. हरिहरशरण भट्ट ने बताया कि 'पं. रघुवीरशरण भट्ट स्मृति संगीत एवं सम्मान समारोह' में भारत रत्न मरहूम उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पौत्र उस्ताद फतेहअली खान का शहनाई वादन होगा।
उन्होंने बताया कि इस सुरों से लबरेज संध्या में राजस्थान की शान मांड सम्राट पं. चिरंजीलाल तंवर का गायन, पं. रमेश मेवाल का गायन होगा। कार्यक्रम के सहसंयोजक एवं होटल निर्वाणा पैलेस के मालिक पृथ्वीराज मील ने बताया कि समारोह का आगाज पं. रघुवीरशरण भट्ट के पौत्र गौरव भट्ट के गायन से होगा। इसी शृंखला में बनारस के गायक अरुण कुमार अस्थाना का गायन होगा। जयपुर घराने के लब्ध प्रतिष्ठित नृत्यगुरु पं. गिरधारी महाराज के पुत्र पं. कौशलकांत पंवार के निर्देशन में सौम्या श्रीवास्तव का शुद्ध कथक नृत्य होगा। कथक नृत्य में पढंत नमिता जैन करेंगी। तबले पर पं. महेंद्र शंकर डांगी, पखावज पर अश्विनी पानित्रय संगत करेंगे। सहसंयोजक पं. बृजभूषण भट्ट ने बताया कि इस अवसर पर विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली शख्सियतों को सम्मानित किया जाएगा। जिसमें शहनाई वादन के क्षेत्र में उस्ताद फतेहअली खान, मांड गायन के क्षेत्र में पं. चिरंजीलाल तंवर, कथक के क्षेत्र में पं. कौशलकांत पंवार को भी सम्मानित किया जाएगा।





