चतरा : शहर के चतरा-बगरा मुख्य मार्ग पर स्थित नया पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को करीब डेढ़ बजे एक अज्ञात एलपी ट्रक की चपेट में आने से पत्रकार अनिल कुमार मिश्रा की मौत हो गई। वह रांची से प्रकाशित एक दैनिक के लावालौंग प्रखंड से संवाददाता थे। वह मोटरसाइकिल से चतरा से प्रखंड मुख्यालय लावालौंग जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें जख्मी अवस्था में सदर अस्पताल लाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अनिल कुमार मिश्र के निधन की सूचना मिलने के बाद सदर अस्पताल में पत्रकारों, बुद्धिजीवियों एवं शहर के सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पत्रकार के निधन की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी हैदर अली, सदर थाना प्रभारी रामचंद्र राम सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया। पत्रकारों ने जिला प्रशासन से मृत पत्रकार के परिजनों को पांच लाख रुपये का मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की है।






