भोपाल। ''डॉक्टर गंदा है मौसी, मैं उसके पास दोबारा नहीं जाऊंगी…'' यह कहना था उस बच्ची का जो इलाज कराने के डाक्टर के पास गई थी और छेड़छाड़ की शिकार होकर लौटी थी। राजधानी भोपाल में चेकअप के दौरान 40 वर्षीय एक डॉक्टर ने पांचवी की छात्रा से अश्लील हरकत की। इसका खुलासा मासूम ने दूसरे दिन मौसी के सामने किया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया है।
एएसपी जोन-2 प्रशिक्षु आईपीएस आशुतोष प्रताप सिंह के मुताबिक पिपलानी इलाके में पांचवीं की छात्रा गर्मियों की छुट्टी में अपनी मौसी के यहां आई हुई है। 11 वर्षीय मासूम ने यूरिन जाते समय जलन होने की शिकायत अपनी मौसी से की थी। बुधवार रात करीब आठ बजे बच्ची को लेकर मौसी इंद्रपुरी में डॉक्टर मनोज शर्मा (40) के विकास क्लीनिक पहुंची। मनोज ने बेसिक मेडिकल प्रेक्टिशनर (बीएमपी) का डिप्लोमा किया है।
चेकअप के बाद मौसी उसे लेकर घर आ गई। सुबह उन्होंने उससे पूछा कि डॉक्टर ने उसे जांच के लिए दोबारा कब बुलाया है, तो बच्ची घबरा गई। उसने दबे स्वर में बोला कि वह उस डॉक्टर के पास नहीं जाएगी। डॉक्टर गंदा है। उसने चेकअप के दौरान छेड़छाड़ की थी। बच्ची की शिकायत सुनते ही मौसी उसे लेकर पिपलानी पुलिस थाने पहुंच गई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर डॉक्टर मनोज के खिलाफ बच्चों के लिए बनाया गए नए अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। कुछ घंटों की पूछताछ के बाद ही पुलिस ने गुरुवार को ही कोर्ट में पेश कर दिया, जहां से आरोपी को न्याययिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मनोज ने पुलिस को बताया कि वह बेसिक मेडिकल प्रैक्टिशनर (बीएमपी) का कोर्स करके डॉक्टर बना है। जेपी अस्पताल के आरएमओ डॉ. अंजनी चौहान के मुताबिक मेडिकल के क्षेत्र में ऎसा कोई कोर्स, डिप्लोमा या डिग्री नहीं होती। पुलिस अब उसके मेडिकल के दास्तों की भी जांच करेगी।
आमिर खान की रिपोर्ट





