अगरतला। त्रिपुरा की राजधानी में रविवार को भरी दोपहर में दो हमलावरों ने स्थानीय बंगाली समाचार पत्र 'दैनिक गणदूत' के कार्यालय में घुसकर तीन लोगों की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। मरने वालों में मैनेजर के अलावा एक प्रूफ रीडर और चालक शामिल है। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावर दोपहर करीब तीन बजे पैलेस कंपाउंड स्थित 'दैनिक गणदूत' के कार्यालय में घुस गए और भूतल पर मौजूद प्रूफ रीडर और चालक के शरीर पर कई बार चाकू से वार किए। इसके बाद वे प्रथम तल पर पहुंचे जहां उन्होंने प्रबंधक को भी चाकुओं से गोद डाला। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान प्रूफ रीडर सुजीत भंट्टाचार्य (32), चालक बलराम घोष (40) और प्रबंधक रंजीत चौधरी (60) के रूप में हुई है। अखबार परिसर में रहने वाले चालक की छह वर्षीय बेटी पापिया के अनुसार उसने पिता और भंट्टाचार्य को चाकुओं से गोदने वाले दोनों हमलावरों को देखा है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की अभी पहचान की जा रही है और उन्हें पकड़ने की तलाश जारी है। अखबार के संपादक और मालिक सुशील चौधरी ने कहा कि संभवत: गलत पहचान के कारण तीनों की हत्या हुई है। (जागरण)





