दैनिक जागरण, झांसी के संपादक-मालिक यशोवर्धन गुप्त तथा उनके दो सहकर्मियों के खिलाफ झांसी के नवाबाद थाने में मारपीट तथा तोड़फोड़ का मामला दर्ज हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इसमें अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. मामला जमीन संबंधित विवाद का बताया जा रहा है. यशोवर्धन की तरफ से भी क्रास एफआईआर दर्ज कराई गई है.
जानकारी के अनुसार नवाबाद थाना क्षेत्र के चेलाराम कम्पाउण्ड निवासी योगी प्रेमानी ने पुलिस से शिकायत की कि 18 मई की रात करीब डेढ़ बजे दैनिक जागरण अखबार के मालिक यशोवर्धन गुप्त व उनके अखबार के पत्रकार इरशाद खान एवं प्रशांत सिंह उनकी जमीन मोटी टॉवर के सामने ग्रिल लगाने के उद्देश्य से एकत्रित थे. इसकी सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे तथा अपनी जमीन पर इन लोगों के उपस्थिति का कारण पूछा तो ये लोग मारपीट करने लगे.
प्रेमानी का कहना है कि इन लोगों ने मारपीट करने के अलावा वहां तोड़फोड़ भी शुरू कर दी. वे किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे. प्रेमानी की शिकायत पर पुलिस ने यशोवर्धन गुप्ता, इरशाद खान तथा प्रशांत सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 506, 427 एवं 352 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. यशोवर्धन ने भी योगी प्रेमानी पर जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.







