नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक एवं हिन्दुस्थान समाचार के पूर्व महाप्रबंक व मुख्य संपादक बालेश्वर अग्रवाल जी का बीती रात निधन हो गया। बालेश्वर जी 93 वर्ष के थे। खराब स्वास्थ्य के चलते उन्हें एक सप्ताह पूर्व अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
संघ के पूर्णकालिक प्रचारक रहे बालेश्वर जी लंबी बीमारी के कारण बीते एक सप्ताह से राजधानी दिल्ली के सिरीफोर्ट हस्पताल के पास डा. साया नर्सिंग होम में भर्ती थे। जहां बीते दिन गुरुवार को देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। बालेश्वर जी के पार्थिव शरीर को लोगों के दर्शनार्थ दिल्ली के आईटीओ स्थित ‘प्रवासी भवन’ में रखा गया है। ततपश्चात, सायं साढे चार बजे निगम बोध घाट पर इनकी अन्त्येष्टि की जायेगी।
बालेश्वर जी ने बहुभाषी संवाद समिति ‘हिन्दुस्थान समाचार’ को महाप्रबंधक एवं मुख्य संपादक के तौर पर अपनी सेवा दी थी। भारत और पड़ोसी देशों के बीच मैत्रीय संबंधों को लेकर उनके द्वारा कई सहयोग संगठनों का भी संचालन किया गया। इसमें भारत-मारिशस मैत्रीय संगठन काफी प्रचलित था। इतना ही नहीं श्री अग्रवाल द्वारा एक अन्य पत्रिका ‘युगवार्ता’ का भी संपादन किया गया था।






