भोपाल। लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार 23 मई को एमपी नगर थाने के रिश्वतखोर हवलदार को छह हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। हवलदार गिरफ्तारी वारंट के नाम पर रिश्वत ले रहा था। पत्रकार विनय डेविड का अदालत में धारा 138 के तहत एक मामला चल रहा है, जिसमें विनय को पूर्व में ही न्यायालय द्वारा जमानत दी हुई है और नियमित पेशी पर भी उपस्थित हो रहे हैं।
इसी मामले में एमपी नगर थाने में पदस्थ हवलदार मूलचंद द्विवेदी ने पुराने गिरफ्तारी वारंट को लेकर लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। जबकि उसके पास मूल वारंट था ही नहीं उक्त वारंट के नाम पर द्विवेदी ने विनय को एक बार थाने में भी बेवजह बिठा लिया था। उच्चाधिकारी को जानकारी देने पर हवलदार ने बाद में निराकरण करने की बात कही थी। मूलचंद द्विवेदी ने 9 हजार रुपए में मामले का तोड़ करवाने का कहा। मूलचंद द्विवेदी द्वारा प्रतिदिन बेवजह रिश्वत की मांग करते हुए प्रताडि़त किये जाने पर डेविड ने लोकायुक्त पुलिस को शिकायत की।

हवलदार मूलचन्द्र तथा मोबाइल पर बात करता महेंद्र मेहतो
सूचना मिलने पर लोकायुक्त टीम ने गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से दबिश देते हुए जिला न्यायालय परिसर के बाहर चाय की दुकान पर मूलचंद द्विवेदी और उसके साथी महेंद्र मेहतो को 6 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत गुरुवार को जिला अदालत के बाहर देना तय हुए। दोपहर में हवलदार ने रिश्वत के रुपए लेने के लिए महेंद्र मेहतो को साथ में रखा था। महेंद्र आईएसबीटी में स्थित होटल में कर्मचारी है। जैसे ही डेविड ने मूलचंद द्विवेदी के कहने पर मेहतो को रूपए दिए वैसे ही लोकायुक्त पुलिस ने उसे दबोच लिया। हवलदार को भी लोकायुक्त पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।






