नई दिल्ली : सहारा समूह प्रमुख सुब्रत राय सहारा ने शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) प्रमुख एन श्रीनिवासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह श्रीनिवासन के बोर्ड प्रमुख के पद पर बने रहने तक बीसीसीआई के साथ नहीं जुड़ेंगे। बीसीसीआई के साथ वित्तीय विवादों के चलते आईपीएल से अपनी टीम पुणे वारियर्स को हटाने के बाद सुब्रत राय ने आज सीधे बीसीसीआई अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि श्रीनिवासन के कारण ही उनके और क्रिकेट बोर्ड के रिश्ते आज इस मोड़ पर पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह बेहद दुखद और आक्रोशित करने वाला है। पिछले 13-14 वर्षों से शशांक मनोहर के बोर्ड प्रमुख रहते हुए सहारा और बीसीसीआई के रिश्ते बेहद सुखद थे लेकिन इसके बाद इनमें कटुता आ गई है। भारतीय क्रिकेट टीम का प्रायोजन भी समाप्त करने के बारे में पूछे जाने पर सहारा प्रमुख ने कहा कि श्रीनिवासन के बोर्ड प्रमुख रहने तक वह अपने निर्णय को नहीं बदलेंगे।
सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय कहना है कि हमारे पास आईपीएल छोड़ने के अलावा कोई रास्ता नहीं था। बीसीसीआई ने हमारी चिट्ठी का जवाब तक नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जब तक श्रीनिवासन जैसा व्यक्ति बीसीसीआई प्रमुख बना रहेगा तब तक स्पॉन्सरशिप लेने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनका दामाद सट्टेबाजी से जुड़ा है तो यह भी बेहद गंभीर बात है। अगर किसी आईपीएल टीम का मालिक खुद सट्टेबाजी में लिप्त है तो इससे बड़ी बात क्या हो सकती है?





