लखनऊ। हजार, डेढ़ हजार रुपए लेकर विभिन्न समाचार पत्रों के पहचान पत्र बनाकर ठगी करने वाले जालसाज को हजरतगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जालसाज ने शनिवार को सैकड़ों लोगों को ट्रेनिंग के लिए दारूलशफा में बुलाया था। जालसाजी का भंडाफोड़ होने पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके से ही जालसाज को गिरफ्तार कर लिया।
शाहजहांपुर के निजामगढ़ में रहने वाले आशुतोष कुमार यादव ने अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने हरदोई कासिमपुर रज्जकखेड़ा गांव निवासी राम कुमार पुत्र गुरु प्रसाद को गिरफ्तार किया है। शनिवार को सैकड़ों लोग दारूलशफा के ए-ब्लाक में जमकर हंगामा कर रहे थे। बवाल की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने लोगों से बातचीत की।
लोगों ने आरोप लगाया कि राम कुमार और उसके साथी सुरेन्द्र ने पत्रकार बनाने के लिए एक हजार से लेकर दो हजार रुपए तक लिए हैं। उन्हें समाचार पत्रों के पहचान पत्र भी दिए। यहां तक की कई लोगों से ब्यूरो कार्यालय तक खुलवा दिया। शनिवार को राम कुमार ने उन्हें ट्रेनिंग के लिए दारूलशफा ने बुलाया था। लोग दारूलशफा पहुंचे। जहां पता चला कि दारूलशफा में अशोक कुमार की कोई बैठक चल रही है। यह सुनते ही सैकड़ों लोग हंगामा करने लगे। (डीएनए)






