इंदौर। इंदौर प्रेस क्लब शहर की चार दशकों की नगरीय पत्रकारिता (सिटी जर्नलिज्म) पर एक पुस्तक का प्रकाशन करने जा रहा है। यह पुस्तक वरिष्ठ पत्रकार स्व. गोपीकृष्ण गुप्ता और स्व. विनय लाखे की स्मृतियों को समर्पित रहेगी। इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण कुमार खारीवाल और महासचिव अरविंद तिवारी ने बताया कि देश के शीर्ष पत्रकारों की सूची में इंदौर के पत्रकारों और फोटोग्राफर्स ने चमकदार नाम दर्ज कराया है, इसी तरह इंदौर की नगरीय पत्रकारिता (सिटी जर्नलिज्म) ने भी इस देश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
इंदौर की पत्रकारिता का जब भी वृहद इतिहास लिखा जाएगा, उसमें यहां की नगरीय पत्रकारिता (सिटी जर्नलिज्म) का एक विशेष अध्याय जरूर होगा। पुस्तक के संपादक वरिष्ठ पत्रकार शशीन्द्र जलधारी ने बताया कि इंदौर शहर के चार दशक (१९६०, ७०, ८० व ९०) की नगरीय पत्रकारिता पर एक दस्तावेज तैयार करने का बीड़ा इंदौर प्रेस क्लब ने उठाया है। यह दस्तावेज पुस्तकाकार रूप में होगा और इसे वरिष्ठ सिटी रिपोर्टर रहे स्व. गोपीकृष्ण गुप्ता एवं स्व. विनय लाखे की स्मृतियों को समर्पित किया जाएगा। पुस्तक में चार दशकों में इंदौर में सिटी रिपोर्टिंग व फोटोग्राफी कर चुके वरिष्ठ साथियों के अनुभवों को संकलित किया जाएगा। जहां फोटोग्राफर्स से चार दशकों के दरम्यान घटित विशेष घटनाओं छायाचित्र एकत्रित किए जा रहे हैं, वहीं करीब ६० रिपोर्टर्स से प्रश्नावली के आधार पर विस्तृत जानकारियां और अनुभव संकलित किए जा रहे हैं।






