रेवाड़ी : पायरेसी रोकने के लिए गठित की गई दिल्ली की एक एजेंसी ने सोमवार को शहर के दो केबल कार्यालय पर छापामारी कर बिना अनुमति के चैनल का प्रसारण करने पर शहर थाना पुलिस में दो केबल आपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
दिल्ली के दरियागंज स्थित एक्सजेड प्रोब एंड पायरेसी सोल्यूशन एजेंसी को शिकायत मिली थी कि रेवाड़ी में बिना अनुमति के केबल आपरेटरों द्वारा चैनलों का प्रसारण किया जा रहा है। सोमवार को कंपनी अधिकारी पुनीत धींगड़ा की ओर से दो केबल आपरेटर कार्यालयों पर छापामार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान बिना अनुमति के कुछ चैनलों का प्रसारण करते पाए जाने पर एजेंसी ने शहर थाना पुलिस में नरेद्र केबल नेटवर्क व बालाजी केबल नेटवर्क के खिलाफ कापीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। (जागरण)





