Mayank Saxena : ख़बर है कि शुक्ला जी के फिरे दिन वापस फिर गए हैं…और वो वहीं लौट सकते हैं जहां दिन फिरने से पहले थे…हालांकि शुक्ला जी का फिरने का इतिहास रहा है…कभी उनके दिन फिरे थे तो वो बड़े पत्रकार हो गए थे…उसके बाद दिन फिरे तो शादी करवा दी गई…दिन और फिर गए तो सांसद बने…लेकिन जब जब दिन वापस फिरे से शुक्ला जी मुसीबत में आते रहे…लेकिन बॉलीवुड और क्रिकेट के सबसे काले राज़ जानने के बावजूद किसी स्कैंडल में बड़े बड़े उन पर आंच नहीं ला पाए…
न जाने किसका किसका इन्वेस्टमेंट शुक्ला जी ले आए लेकिन फंसे नहीं…लेकिन बेड़ागर्क हो इन नासपीटे लौंडों का…साले ठीक से खेलना नहीं सीख पाए थे और फिक्सिंग शुरु कर दी…अब शुक्ला जी के दिन फिर कर अबाउट टर्न लेने को हैं…ख़बर है कि मैडम जी और बेबी उनसे नाराज़ हो गए हैं…लाल बत्ती छिन सकती है…वैसे भी मंत्रालय को वक्त कहां दे पाते हैं शुक्ला जी…कभी क्रिकेट तो कभी बॉलीवुड…बाकी बचे समय में एक आध लेख लिख लेते हैं…संसदीय कार्य होता नहीं क्योंकि सदन चलता ही नहीं है…तो अब कहा जा रहा है कि शुक्ला जी के दिन उल्टा फिर सकते हैं..और बयानों और मुद्दों से फिरते रहे शुक्ला जी, एक बार फिर…चलते फिरते दिखाई दे सकते हैं…
हालांकि शुक्ला जी के साथ प्लस प्वाइंट ये है कि उन्होंने कभी किसी से सम्बंध नहीं बिगाड़े…न सपा से…न बीजेपी से…न बीएसपी से…और न वाम पार्टियों से…हालांकि ससुराली भगवा वाले हैं…सो आस वहां से भी लग सकती है कि यहां नहीं तो वहां सही…पर सवाल ये है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि शुक्ला जी सबकी नज़रों में अच्छा बनने के चक्कर में सबके बुरे बन गए हों…ख़ैर शुक्ला जी तो शुक्ला जी हैं…अमर सिंह का अपग्रेडेड वर्ज़न हैं…देखिए इससे भी निकल ही आएंगे और एएनआई की बाइट उनके अपने चैनल पर चल रही होगी…शुक्ला जी इस स्टेटस पर ध्यान मत दीजिए…देखिए कि कैसे टोपी फिराई जा सकती है…कुछ तो करना ही होगा…वरना आपके यहां चले न चले बाकी जगह तो ब्रेकिंग चलेगी ही न…
युवा पत्रकार मयंक सक्सेना के एफबी वॉल से साभार.






