बाराबंकी। हिन्दी पत्रकारिता दिवस पर गुरुवार को जिले के वयोवृद्ध पत्रकार गिरिजा शंकर शुक्ल को पत्रकारों द्वारा सम्मानित किया गया और इस सम्मान के दौरान श्री शुक्ल ने जिले की पत्रकारिता से जुड़े संस्मरणों से पत्रकारों को रूबरू कराया।
जिले से 1920 में पहला हिन्दी सप्ताहिक देशबन्धु प्रकाशित हुआ जिसके सम्पादक पण्डित बद्री प्रसाद शुक्ल थे और यह अखबार छह माह तक चला और उसके बाद अंग्रेजी शासकों द्वारा इसे जब्त कर लिया गया। जिले में हिन्दी पत्रकारिता की शुरुआत 1920 में शुरू हुई थी। 1948 में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. चन्द्रभूषण शुक्ला द्वारा मातृभूमि हिन्दी सप्ताहिक का प्रकाशन शुरू किया गया और जो कुछ वर्षों तक चलने के बाद बंद हो गया।

वरिष्ठ पत्रकार गिरिजाशंकर शुक्ल ने 1952 में विश्ववाणी हिन्दी साप्ताहिक का प्रकाशन शुरू किया जो लम्बे समय तक लोगों को पठनीय सामग्री उपलब्ध कराता रहा। पं गिरिजाशंकर शुक्ल का जन्म 1928 में हुआ था। आज वह 86 वर्ष के है। श्री शुक्ल को सम्मानित करने वालों में रिजवान मुस्तफा, प्रदीप सारंग, कृष्ण कुमार द्विवेदी राजू भैया, हरि प्रसाद वर्मा, सरवर अली, आरबी सिंह, दीपक मिश्रा, अतुल वर्मा, अरूण कुमार प्रमुख रूप से शामिल थे।





