पंचकूला : नगर निगम पंचकूला के वार्ड नं. 10 में वोटों को लेकर दो ग्रुपों के बीच हो रहा झगड़ा मीडिया कर्मियों को महंगा पड़ गया। इस वार्ड से प्रत्याशी एवं पूर्व पार्षद के पति मनीष गुप्ता ने पत्रकार राजेश मलकानिया का कैमरा छीन लिया और उसे तोड़ दिया। इसके बाद बदसलूकी करके जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। इस दौरान पूर्व पार्षद के समर्थकों द्वारा दो अन्य समाचार पत्रों के कैमरामैनों के कैमरे तोड़ दिए गए और एक वरिष्ठ पत्रकार पर गाड़ी चढ़ा दी गई। इससे नाराज पत्रकारों ने सड़क जाम कर दी। अधिकारियों के पहुंचने पर मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार वार्ड नं. 10 के सेक्टर 9 में बने बीकेएम विश्वास पब्लिक स्कूल में शाम पाच बजे वोटिग बंद होने से 5 मिनट पूर्व चार मतदाता वोटिंग करने के लिए आए। इसी बीच प्रत्याशी रंजीता मेहता के पति अभि मेहता एवं उनकी प्रतिद्वंद्वी भावना गुप्ता के पति मनीष गुप्ता के बीच वोटों को भुगताने के लिए काफी लड़ाई झगड़ा हो रहा था। पत्रकार राजेश मलकानिया ने इन दृश्यों को अपने कैमरे में कैद करने की कोशिश की, तो भावना गुप्ता के पति मनीष गुप्ता ने राजेश का कैमरा छीनकर नीचे पटक दिया। इसके बाद धक्का देकर बदसलूकी करने लगा। जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकाला।
इसी बीच भावना गुप्ता एवं रजीता मेहता के समर्थकों में पोलिंग स्टेशन के बाहर काफी हगामा होने लगा और दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। इस दौरान दो हिदी समाचार पत्रों के फोटोग्राफरों कर्मचंद एवं विक्रम सिंह के कैमरे तोड़ दिए गए। इस दौरान एक वरिष्ठ पत्रकार मामले की सूचना पाकर मौके पर आ रहे थे, तभी पूर्व पार्षद के एक समर्थक ने अपनी स्विफ्ट गाड़ी नंबर सीएच 03 जेड 0150 उनके पैर पर चढ़ा दी। इसके बाद पत्रकारों ने सेक्टर 9 की मार्केट में सड़क जाम कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही डीसीपी अश्विन शेणवी एवं अंबाला-पंचकूला मंडलायुक्त राजबीर देसवाल को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है।






