हरिभूमि प्रबंधन ने फिर अपने विस्तार की घोषणा की है. प्रबंधन यह विस्तार छत्तीगढ़ के रायगढ़ में करने जा रहा है. हालांकि यह घोषणा पूरा होगा या नहीं कहना मुश्किल है, क्योंकि इसके पहले प्रबंधन ने पिछले साल मध्य प्रदेश में भोपाल और ग्वालियर से अखबार के नए एडिशन लांच करने की योजना तैयार की थी तथा इसकी घोषणा भी हुई थी, लेकिन अब तक मध्य प्रदेश में जबलपुर को छोड़कर हरिभूमि कहीं अपना यूनिट स्थापित नहीं कर सका है.
छत्तीसगढ़ में पहले से ही हरिभूमि का रायपुर एडिशन प्रकाशित हो रहा है. प्रबंधन का मानना है कि वह रायपुर के अलावा रायगढ़ से एडिशन लांच करके झारखंड और उड़ीसा के सीमावर्ती इलाकों के हिंदी भाषी लोगों को कवर कर लेगा. प्रबंधन उड़ीसा में हिंदी अखबारों के खालीपन को देखते हुए रायगढ़ से नया एडिशन शुरू करने की योजना तैयार की है. इसे इसी महीने यानी जून में लांच करने की तैयारी है. अब देखने वाली बात यह होगी कि हरिभूमि प्रबंधन रायगढ़ से अखबार का नया एडिशन लांच करता है या ग्वालियर एवं भोपाल की तरह यह घोषणा भी टांय-टांय फिस्स हो जाता है. वर्तमान में हरिभूमि दिल्ली, हरियाणा, एमपी तथा छत्तीसगढ़ से अपने चार एडिशन प्रकाशित कर रहा है.






