नई दिल्ली। अभी तक की जांच में आईपीएल की दो टीमों के मालिकों पर सट्टेबाजी में शामिल होने के गंभीर आरोप लगे हैं। पहले चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक और श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन पर सट्टेबाजी में शामिल होने के आरोप लगे। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया और फिर जमानत मिल गई।
वहीं, अब राजस्थान रॉयल्स टीम के मालिक राज कुंद्रा सट्टेबाजी के खेल में फंस गए हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक कुंद्रा ने पूछताछ में कबूला है कि उन्होंने अपने दोस्त उमेश गोयनका के जरिए सट्टेबाजी की है। सूत्रों के मुताबिक गोयनका ने बताया है कि शिल्पा ने भी सट्टेबाजी में पैसे लगाए हैं।
इसी बीच स्पेशल सेल के कमिश्नर एस एन श्रीवास्तव ने कहा है कि कुंद्रा के बयान के बाद पुलिस गहरी छानबीन कर रही है। हालांकि इस दौरान उन्होंने कुंद्रा की गिरफ्तारी की संभावना से इनकार नहीं किया है। राजस्थान रॉयल्स के मालिक राज कुंद्रा के सट्टेबाजी में शामिल होने के खुलासे के बाद विंदू दारा सिंह ने कहा है कि वो उनके अच्छे दोस्त हैं। विंदू के मुताबिक सट्टेबाजी के खेल में कई लोग शामिल हैं। पूर्व क्रिकेटर और सांसद कीर्ति आजाद का कहना है कि आईपीएल से जुड़ी अभी भी कई बातें पर्दे के पीछे छिपी हैं जिनकी गहराई से छानबीन की जरूरत है।
खिलाड़ियों के बाद अब राजस्थान रॉयल्स के मालिक राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी मुश्किल में फंस गए हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार ने दावा किया है कि राज कुंद्रा भी सट्टेबाजी में शामिल रहे हैं। नीरज कुमार के मुताबिक जांच में पता चला है कि राज कुंद्रा खुद सट्टेबाजी किया करते थे और अपनी ही टीम पर पैसा लगाते थे। नीरज कुमार के मुताबिक ये बात खुद कुंद्रा ने पूछताछ में कबूली है। कुंद्रा अपने दोस्त उमेश गोयनका के जरिए सट्टेबाजी में पैसा लगाते थे। कुंद्रा ने सट्टेबाजी में भारी नुकसान होने की बात भी मानी है। पुलिस ने दावा किया है कि राज कुंद्रा का पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है ताकि वो जांच के दौरान देश न छोड़ सकें। पुलिस फिलहाल इस मामले में कुंद्रा और शिल्पा की गिरफ्तारी से इनकार नहीं कर रही है। यही नहीं, सूत्रों के मुताबिक मामले में सरकारी बन चुके उमेश गोयनका ने साकेत कोर्ट में कल ये बयान दिया था कि शिल्पा शेट्टी ने भी सट्टेबाजी की थी। गोयनका ने कोर्ट में ये भी बताया कि दिल्ली और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हुए मैच में शिल्पा शेट्टी ने पहले ही मैच का रिजल्ट बता दिया था कि दिल्ली जीतेगी और हुआ भी यही।
गौरतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक गुरुनाथ मयप्पन के बाद राज कुंद्रा दूसरी आईपीएल टीम के मालिक हैं, जो सट्टेबाजी के आरोपों में घिरे हैं। अगर सट्टेबाजी के आरोप साबित होते हैं तो बीसीसीआई इन टीमों को आईपीएल से सस्पेंड कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक मामले में सरकारी गवाह बने राजस्थान रॉयल्स टीम के खिलाड़ी सिद्धार्थ त्रिवेदी ने अपने बयान में उमेश गोयनका का नाम लेते हुए बताया था कि गोयनका उससे टीम और पिच के बारे में जानकारी लेता था।
इसी बीच बीसीसीआई ने भी इस मामले पर संज्ञान लिया है। बीसीसीआई इस मामले में जल्द ही वर्किंग कमेटी की बैठक बुला सकती है। बीसीसीआई इस बात की जांच करेगी कि क्या राजस्थान रॉयल्स ने बीसीसीआई-आईपीएल के नियमों का उल्लंघन किया है। यही नहीं, बैठक में बीसीसीआई आईपीएल टीम के टर्मिनेशन को लेकर भी चर्चा करेगी।






