बीएस लाली के निलंबन के बाद से खाली चल रहे प्रसार भारती के सीईओ पद पर इस माह के आखिर तक नियुक्ति संभावित है. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय कई उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने में लगा हुआ है. सूत्रों का कहना है कि इस पद के लिए दस से बारह बड़े नाम शामिल किए गए हैं. फिलहाल लाली के स्थान पर मंत्रालय के अपर सचिव राजीव टकरू बतौर कार्यकारी सीईओ प्रसार भारती का काम काज देख रहे हैं.
बीएस लाली का कार्यकाल 29 दिसम्बर को खतम हो रहा है. संभावना है कि इसी दिन नए सीईओ के नाम की घोषणा की जा सकती है. उल्लेखनीय है कि कॉमनवेल्थ खेलों के दौरान प्रसारण अधिकार देने में भ्रष्टाचार करने के आरोप बीएस लाली पर लगे थे. इस मामले की जांच शुंगलू कमेटी ने की थी. जांच में आर्थिक अनियमितता का दोषी पाए जाने के बाद लाली को निलंबित कर दिया गया था.
सूत्रों का कहना है कि मंत्रालय प्रसार भारती के सीईओ के लिए जिन जिन लोगों की लिस्ट बना रहा है उसमें संस्कृति सचिव जवाहर सरकार और पूर्व सूचना व प्रसारण सचिव रघु मेनन का नाम सबसे ऊपर है. बताया जा रहा है कि इस हफ्ते के अंदर आधा दर्जन नामों के अंतिम लिस्ट की सूची उपराष्ट्रपति के पास भेज दी जाएगी. उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की अध्यक्षता वाली एक कमेटी ही प्रसार भारती के नए सीईओ का चयन करेगी.






