प्रेस क्लब हमीरपुर की मासिक बैठक वरिष्ठ पत्रकार कपिल बस्सी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से करीब डेढ दर्जन नए सदस्यों की सदस्यता का अनुमोदन तथा रणवीर सिंह ठाकुर एवं रजनीश शर्मा को क्रमश: संगठन सचिव व कार्यालय सचिव के रूप में पदभार सौपें जाने पर प्रस्ताव पास किया गया, जिस पर सभी सदस्यों ने अपनी सहमति प्रदान की।
कपिल बस्सी ने प्रेस क्लब हमीरपुर द्वारा पिछले एक साल में किए गए कामों का ब्यौरा दिया और कहा कि आय के कम संसाधनों के बावजूद प्रेस क्लब ने सराहनीय कार्य किया है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र कटोच ने इस मौके पर कहा कि शीघ्र ही प्रेस क्लब के लिए अपने भवन का प्रावधान करने की कोशिश की जा रही है जिस बारे नगर परिषद हमीरपुर के साथ लीज पर भवन दिए जाने बारे औपचारिक पत्राचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रेस रूम में पत्रकारों के लिए सुविधाएं जुटाने में प्रेस क्लब ने अहम भूमिका निभाई है तथा प्रशासन व सरकार से मिलकर प्रेस रूम को और अधिक सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया जाएगा।
नवनियुक्त संगठन सचिव रणबीर सिंह ने इस बैठक में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को मजबूती प्रदान करने में प्रेस क्लब को संगठित कर इसका विस्तार उपमंडल स्तर तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए अभियान छेड़ा जाएगा जिसके परिणाम एक माह में देखने को मिलेंगे। महासचिव संजय शर्मा ने सभी सदस्यों को समय पर सदस्यता शुल्क जमा करवाने और इसके लिए एक कमेटी का गठन कर जिम्मेवारी तय करने की बात कही जिसे ध्वनिमत से स्वीकार कर लिया गया। इस मौके पर सभी प्रमुख अखबारों के जिला प्रभारी एवं पत्रकार बैठक में मौजूद रहे।





