कभी न्यूनतम त्रुटियों के लिए जाना जाने वाला अखबार दैनिक जागरण अब अधिकतम त्रुटियों के लिए पहचाना जाने लगा है. कारण साफ है कि यहां के माहौल में कोई काम का बंदा टिकना ही नहीं चाहता. इसका सबसे बड़ा उदाहरण नवभारत टाइम्स में नौकरी के लिए आए आवेदनों से भी लगाया जा सकता है. अब चाटुकारों तथा ऊपर तक पैसा पहुंचाने वालों को ही जागरण में ज्यादा तवज्जो मिलता है. इसलिए अखबार में आए दिन हास्यास्पद गलतियां होती रहती हैं.
मामला दैनिक जागरण के बनारस यूनिट से जुड़े आजमगढ़ जिले का है. अखबार में प्रकाशित एक खबर में सब हेडिंग के चलते लोग अखबार का तो मजा ले रहे हैं सरकार की भी किरकिरी कर रहे हैं. खबर का शीर्षक है कि 'दिनदहाड़े लूटा गया सराफा व्यवसायी'. इसके बाद सब हेडिंग (क्रासर) है – समाजवादी जिला कार्यसमिति की बैठक में बोले मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव' दूसरा क्रासर है 'सपा के लिए जनता का हित सर्वोपरि – हवलदार यादव'.
इस खबर को पढ़ने के बाद लोग चुटकी ले रहे हैं कि अब मंत्री जी जानकारी दे रहे हैं कि सराफा व्यवसायी लूटा गया और हवलदार यादव बता रहे हैं कि सराफा व्यवसायी का लूटा जाना जनता के हित में है, तभी तो जनता का हित सर्वोपरि है. खैर, खबर और क्रासर की वजह से जागरण की जमकर थू थू हो रही है. लोग मान रहे हैं कि अब जागरण में बस काठ के उल्लू बैठे हुए हैं.







