बीते 18 अप्रैल को पत्रिका, रायगढ़ के ब्यूरोचीफ प्रवीण त्रिपाठी पर जानलेवा हमला करने वाला भाजपा पार्षद आशीष ताम्रकर ने शुक्रवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने उसे शनिवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जीके नीलम की अदालत में पेश किया जहां उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. प्रवीण पर जानलेवा हमला करने के बाद से ही आशीष फरार चल रहा था.
गौरतलब है कि पत्रिका ने अवैध कोयला उत्खनन सहित शहर के वार्डों में अव्यवस्था का मामला कई बार प्रकाशित किया, जिसके नाराज होकर पार्षद ने प्रवीण पर जानलेवा हमला किया था. 18 अप्रैल को पार्षद ने योजनाबद्ध तरीके से सुबह 10 बजे त्रिपाठी को एक मंगल भवन अतरमुड़ा में बुलाया और वहां एक कमरे में बंद कर उन्हें मारना शुरू कर दिया. हॉकी, स्टिक और लाठियों से लैस भाजपा पार्षद आशीष ताम्रकार और उसके साथियों ने त्रिपाठी को जमकर पीटा. पिटाई से त्रिपाठी बेहोश हो गए तो पार्षद और उसके साथी उन्हें मरा समझकर फरार हो गए थे. त्रिपाठी को आईसीयू में भर्ती कराया गया था. इस मामले में 15 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मामला दर्ज हुआ था.






