गाजीपुर की हंसराजपुर पुलिस चौकी मे आगजनी और बलवा के आरोपी पूर्व बसपा विधायक विजय कुमार ने सोमवार को गाजीपुर सीजेएम कोर्ट मे आत्म समर्पण कर दिया। अदालत ने इस मामले मे पूर्व बसपा विधायक की जमानत अर्जी खारिज करते हुये उन्हे न्यायिक अभिरक्षा मे जेल भेजने का आदेश दिया है। हंसराजपुर पुलिस चौकी कांड के मुख्य आरोपी पूर्व बसपा विधायक विजय कुमार आज अपने तमाम समर्थकों के साथ गाजीपुर जिला न्यायालय पहुंचे और सीजेएम कोर्ट मे सरेंडर करते हुये जमानत अर्जी दाखिल की। अदालत ने आरोपी विधायक की जमानत अर्जी खारिज कर दी। जिसके बाद विधायक के अधिवक्ता ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत मे जमानत के लिए अपील की, लेकिन अदालत से पूर्व विधायक को कोई राहत नही मिल सकी। उनकी जमानत अर्जी खारिज होने के बाद उन्हे न्यायिक अभिरक्षा मे जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है,कि पिछले 29 अप्रैल को गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र मे पुलिस पिटाई के बाद हुई युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने हंसराजपुर पुलिस चौकी मे तोड़फोड़ और आगजनी की थी। इस मामले मे पूर्व बसपा विधायक विजय कुमार को पुलिस ने मुख्य आरोपी बनाया है। अदालत से जमानत अर्जी खारिज होने के बाद पूर्व बसपा विधायक ने कहाकि वे पूरी तरह निर्दोष हैं,और सत्ता पक्ष की साजिश के चलते उन्हे फंसाया जा रहा है।उन्होने न्यायालय पर अपना पूरा विश्वास जताते हुये कहाकि उन्हे भरोसा है,कि उन्हे इंसाफ मिलेगा।..– गाजीपुर से के.के. की रिपोर्ट, सम्पर्क 9415280945





