पलामू के मोहम्मदगंज के पत्रकार मनोज कुमार हत्याकांड के गवाह उनके 25 वर्षीय भांजे अमित कुमार उर्फ छोटू की गोली मार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को कोयल नदी के बालू में गाड़े गए छोटू के शव को बरामद किया। उसे तीन गोली मारी गई थी।
हत्या के मामले में पुलिस ने नवनीत व सोनू नामक दो युवकों को हिरासत में लिया है। उनकी निशानदेही पर ही शव बरामद हुआ है। पत्रकार मनोज कुमार की हत्या 24 अक्टूबर 2009 को उनके घर के पास ही गोली मारकर कर दी गई थी। इस घटना का गवाह उनका भांजा अमित था।
दूसरी घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राहुल देव बड़ाइक व हैदरनगर के थाना प्रभारी चुनुआ उराव घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। शव की बरामदगी के लिए बीडीओ हरिवंश पंडित को मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। एसडीपीओ ने कहा कि एक साजिश के तहत इस हत्या को अंजाम दिया गया है। मामले में संलिप्त सभी अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद से मनोज के परिजन दहशत में हैं। पत्रकारों में भी काफी नाराजगी है।





