लगभग एक महीने तक अवकाश पर रहने के बाद साधना न्यूज चैनल के आउटपुट एडिटर राजीव शर्मा ने प्रबंधन को त्याग पत्र सौंप दिया है. राजीव शर्मा एक बड़े प्रोजेक्ट पर कार्य कर रहे हैं और एक नये चैनल के साथ शीघ्र ही सामने आएंगे. साधना न्यूज के एंकर हेड अमित तिवारी ने भी इस्तीफा दे दिया है.
अमित तिवारी के बारे में पता चला है कि वो एक नेशनल चैनल के एमपी-छत्तीसगढ़ संस्करण में नमूदार होंगे. साधना न्यूज के ही एमपी छत्तीस गढ़ चैनल के आउटपुट हेड योगेश जोशी भी लंबे समय से कार्यालय नहीं आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि उन्होंने भी इस्तीफा दे दिया है.
साधना न्यूज चैनल के अंदरूनी हालात खराब होने की वजह से इस्तीफा देने वाले कर्मचारियों की लम्बी फेहरिश्त है. साधना न्यूज के कर्मचारी इस्तीफा देकर दूसरे संस्थानों में डेरा जमा रहे हैं. एमपी-छत्तीसगढ चैनल से संतोष दुबे और उत्तर प्रदेश-उत्तराखण्ड से अमित कुमार सिंह चौहान ने भी साधना न्यूज को बाय-बाय बोल दिया है.
संतोष दुबे ने पी-7 के साथ और अमित कुमार सिंह चौहान ने जी न्यूज यूपी के साथ नई पारी शुरू की है. अनुभवी कर्मचारियों के चले जाने से साधना न्यूज चैनल का स्तर भी बद से बदतर हो चुका है.





