नई दिल्ली। हिन्दुस्थान समाचार के दिल्ली केन्द्र में पुराने व अनुभवी पत्रकारों को जोड़ा जा रहा है। पिछले दो दशक से अधिक समय तक यूनीवार्ता में काम करने वाले वरिष्ठ पत्रकार सुभाष निगम को राष्ट्रीय ब्यरो प्रमुख और एचटी मीडिया में विवाद के कारण झारखण्ड जागरण से जुड़े अनिल वर्मा को दिल्ली ब्यूरो में अच्छे-खासे मानदेय पर लाया गया है। इसके अलावा हेमन्त कुमार विश्नोई जो पहले नवभारत टाइम्स से जुड़े रहे अब कार्यकारी संपादक के नाते हिन्दुस्थान समाचार को पिछले एक साल से दिशा देने में लगे हैं।
इनके आने के बाद इसी महीने यहां पर राष्ट्रीय ब्यूरो के लिए नयी टीम भी बनाई गयी है। इस टीम में आज समाज में काम कर रही स्वाति जैन, महामेधा में काम कर रहे आलोक कुमार, श्रुति संवर्धनी से नीतू राय और कई पत्र-पत्रिकाओं में लेखन का काम कर रही वंदना शर्मा को जोड़ा गया है। गौरतलब है कि पिछले एक दशक में हिन्दुस्थान समाचार ने देश के लगभग सभी राज्यों में अपने काम का विस्तार करते हुए चार सौ से अधिक छोटे व मझोले समाचार पत्रों को अपना सब्सक्राइबर बनाया है।
अब इसी को और विस्तारित करते हुए एजेन्सी की नजर बड़े समाचार पत्रों पर है जिसके लिए राजधानी में इस नयी टीम को लगाया गया है। वैसे देखा जाए तो बहुभाषी संवाद समिति के नाते इस एजेन्सी ने अपना विस्तार और ग्राहक अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में अच्छा-खासा बना लिया है लेकिन हिन्दी भाषा के समाचारों को लेकर अभी तक कुछ खास करिश्मा नहीं कर पायी है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड व बिहार को छोड़ दिया जाए तो अन्य राज्यों में इस एजेंसी की सेवा लेने वाले समाचार पत्र न के बराबर हैं। अब देखना यह है कि इस नयी टीम के आने के बाद राजधानी दिल्ली सहित राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमांचल, जम्मू-कश्मीर में यह एजेंसी अपना पांव पसारने में सफल हो पाती है कि नहीं।





