इलाहाबाद। लचर कानून व्यवस्था के कारण खाकी कमजोर साबित हो रही है जबकि अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। 14 जून को बदमाशों ने यमुनापार के बारा क्षेत्र में दिनदहाड़े एक थानेदार को गोली मार मौत के घाट उतार दिया। सुबह इलाहाबाद-बांदा मार्ग पर बिरहिया गांव के सामने बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग से आसपास का इलाका दहल गया। कार पर सवार बदमाश बारा थाना के एसओ राजेंद्र प्रसाद दुबे को मार डालने के बाद बड़ी आसानी से मौके से निकल जाने में कामयाब भी रहे।
थानेदार की दिनदहाड़े हत्या की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पाकर एडीजी कानून व्यवस्था अरूण कुमार भी लखनऊ से यहां पहुंचे। चारों तरफ नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस विभाग से लेकर अन्य प्रशासनिक अफसर भी मौके पर आ पहुंचे हैं। एसटीएफ व क्राइम ब्रांच की टीमों को बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगाया गया है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि सुबह जसरा के पेट्रोलपंप पर बदमाशों के आने की सूचना मिलने पर एसओ राजेंद्र प्रसाद दुबे ने अकेले ही उनका पीछा किया। थोड़ी दूर पहुंचने के बाद बदमाशों ने एसओ को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ कई फायर किए।
गोली लगते ही एसओ राजेंद्र प्रसाद दुबे घायल होकर जमीन पर गिर गए। थोड़ी देर बाद ही उनकी मौत हो गई। खबर लिखे जाने तक कोई बदमाश पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है। घटनास्थल के आसपास कई थानों की पुलिस और पीएसी लगा दी गई है। एसएसपी मोहित अग्रवाल ने बताया कि जल्द ही बदमाश पकड़ लिए जाएंगे।
इलाहाबाद से शिवाशंकर पांडेय की रिपोर्ट





