नयी दिल्ली : केन्द्र सरकार का कहना है प्रिंट मीडिया में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को मौजूदा 26 फीसदी से आगे बढ़ाने के लिए सर्वसम्मति नहीं है। सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी देते हुए बताया, ‘‘प्रिंट मीडिया में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को मौजूदा 26 फीसदी से आगे बढ़ाने के लिए सर्वसम्मति नहीं है। इस संबंध में बहस पूरी नहीं हुई है।’’
उन्होंने कहा कि प्रिंट मीडिया की नीति के अनुसार, समाचार और समसामयिक मामलों को देखने वाले विदेशी समाचारपत्रों को अपने भारतीय संस्करण निकालने की अनुमति नहीं दी गयी है। सोनी ने कहा कि इन उपायों से घरेलू समाचार पत्र उद्योग को फायदा हुआ है। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में बताया कि सरकार यह सुनिश्चित करने के सभी प्रयास कर रही है कि उर्दू और क्षेत्रीय भाषाओं के समाचारपत्रों को अधिक से अधिक सरकारी विज्ञापन दिए जाएं।





