अलीगढ़। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के चुनाव में अध्यक्ष पद पर उपल्ला लक्ष्मण ने जीत हासिल कर ली है। महासचिव पद पर उड़ीसा के प्रसन्ना मोहंती पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इस चुनाव में सभी पदों पर लक्ष्मण का पैनल विजयी रहा है। उषा पाहवा कोषाध्यक्ष चुनी गई। वहीं, नॉर्थ जोन से संजय राठी ने उपाध्यक्ष पद पर बाजी मारी। इसी के साथ अलीगढ़ में चल रहा एनयूजे का सम्मेलन भी संपन्न हो गया। इस सम्मेलन का उद्घाटन वाइस प्रेजीडेंट हामिद अंसारी ने किया था।
अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में उपल्ला लक्ष्मण ने 322 वोट हासिल किए, जबकि अच्युतानंद मिश्र को 209 वोट मिले। मनोहर सिंह को आठ ही वोट मिल पाए। हालांकि अंतिम समय में वे चुनाव मैदान से हट गए थे। नार्थ जोन के उपाध्यक्ष पद के लिए हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के अध्यक्ष संजय राठी ने जीत हासिल की। उन्होंने चंडीगढ़ के अमरनाथ वशिष्ठ को हराया। राठी को 61 वोट और वशिष्ठ को 4 वोट ही मिले। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर उषा पाहवा ने जीत हासिल की। पाहवा को 185 और मनोज मिश्र को 152 वोट मिले। कार्यकारिणी के 31 सदस्यों का भी चयन कर लिया गया है। एनयूजे के इतिहास में शायद यह पहला मौका है जब पदाधिकारियों का फैसला मतदान के जरिए हुआ हो। वर्तमान में पश्चिम बंगाल के प्रज्ञान चौधरी अध्यक्ष और दिल्ली के रासबिहारी महासचिव हैं। एनयूजे के अध्यक्ष पद पर लक्ष्मण की जीत से अच्युतानंद मिश्र गुट को झटका लगा है। लक्ष्मण गुट के ज्यादातर उम्मीदवारों ने चुनाव में जीत हासिल की है। दोनों गुटों ने यह चुनाव पैनल बनाकर लड़ा था।
दीपक खोखर की रिपोर्ट.





