बेंगलुरु से प्रकाशित उर्दू दैनिक पासबां के मुख्य संपादक मोहम्मद उबेदुल्लाह शरीफ अजमेर स्थित सूफी संत ख्वाजा गरीब नवाज चिश्ती की दरगाह कमेटी के सदर यानि अध्यक्ष चुने गए हैं। यह पहली बार है कि इस पद पर किसी पत्रकार को मौका मिला है। केंद्र सरकार ने दरगाह मैनेजमेंट के लिए एक कमेटी गठित की हुई है, जिसमें आठ सदस्य सरकार ही नियुक्त करती है। ये आठों सदस्य अपने में से एक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव करते हैं।
उबेदुल्लाह बेंगलुरू की दरगाह हजरत मानिक शाह और दरगाह हजरत सोठे शाह के भी अध्यक्ष हैं। वे अभी कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव हैं। वे पूर्व में कर्नाटक प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग, कर्नाटक अरबन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फाइनेंस कॉर्पोरेशन और कर्नाटक माइनोरिटीज डवलपमेंट कॉरपोरेशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उबेदुल्लाह दरगाह विकास के लिए बने 335 करोड़ रुपए के मास्टर प्लान को लागू करने के अलावा दरगाह ख्वाजा साहब एक्ट में भी समयानुकूल परिवर्तन करना चाहते हैं।





