भिवानी। लगभग आठ साल तक दैनिक भास्कर, भिवानी व चरखी दादरी में बतौर ब्यूरो चीफ सेवाएं देने वाले तथा बाद में भिवानी शहर में हरियाणा की आवाज जैसे दैनिक समाचार पत्र को बतौर मुख्य संपादक सेवा देने वाले तथा इसके बाद एक कदम आगे जैसे अखबार में बतौर ब्यूरो चीफ सेवाएं देने वाले वरिष्ठ पत्रकार जे.के. वर्मा का पत्रकारिता से मोह भंग हो गया है। उन्होंने पत्रकारिता को अलविदा कह कर जे.के. साहित्य ट्रस्ट, हरियाणा की स्थापना की है।
श्री वर्मा हिंदी भाषा में अब तक लगभग 160 पुस्तकें लिख चुके हैं। टाइम मैनेजमेंट के टॉप सीक्रेट्स, मनी मैनेजमेंट के टॉप सीक्रेट्स, सफल बिजनेसमैन बनने के टॉप सीक्रेट्स, जोश+जुनून+टीम =नेटवर्क मार्केटिंग जैसी बेस्ट सेलिंग पुस्तकों के माध्यम से वे भारत वर्ष में धूम मचा चुके हैं तथा उनकी आगामी पुस्तक पॉजिटिव थिंकिंग के 51 टॉप सीक्रेट्स है।
जे.के.वर्मा ने 25 मई को भिवानी के चित्रकूट विश्राम गृह में प्रेस वार्ता कर कहा है कि वे ट्रस्ट के माध्यम से दो काम प्रमुख तौर पर करेंगे। पहला, हरियाणा के जिन महापुरूषों ने देश व समाज के लिए जीवन अर्पित किया तथा लोगों ने जिन्हें भुला दिया, उनका जीवन चरित्र पुस्तक के माध्यम से लोगों तक पहुंचाना तथा उन्हें हमेशा के लिए अमर कर देना। दूसरा, ऐसे लोग जो लेखन में प्रतिभा रखते हैं लेकिन जिन्हें कोई प्लेटफार्म नहीं मिल रहा, उन्हें तराशकर एक कामयाब लेखक बनाना तथा उनकी पुस्तकों का नाम व फोटो सहित प्रकाशन करना तथा साथ ही उन्हें उचित पारीश्रमिक भी देना। वे हरियाणा में लेखकों व बुद्धिजीवियों की एक नई फौज तैयार करना चाहते हैं।





