: आईआरएस 2011 की तीसरी तिमाही के आंकड़े जारी : दैनिक जागरण फिर नम्बर वन : आईआरएस 2011 की तीसरी तिमाही के आंकड़े आ गए हैं. हिंदी के टॉप टेन अखबारों के स्थान में अपेक्षा के अनुरूप ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिला है. पर खास बात यह रही कि दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, हिंदुस्तान, प्रभात खबर अपने पाठक बढ़ाने में सफल रहे वहीं अमर उजाला, राजस्थान पत्रिका, पंजाब केसरी, नवभारत टाइम्स और नई दुनिया को नुकसान उठाना पड़ा है. इस पर पत्रिका हरिभूमि को पीछे छोड़ते हुए टॉप टेन में जगह बनाने में कामयाब रहा है.
तीसरी तिमाही में दैनिक जागरण 1 करोड 64 लाख 58 हजार पाठकों के साथ इस बार भी नम्बर एक पर अपना कब्जा बरकरार रखा है. पिछली तिमाही में जागरण की पाठक संख्या 1 करोड़ 63 लाख 93 हजार थी. दूसरे स्थान पर मौजूद दैनिक भास्कर ने भी पिछली तिमाही के अपने पाठक संख्या 1 करोड़ 41 लाख 74 हजार से बढ़ाकर 1 करोड़ 48 लाख 76 हजार तक पहुंचा दी है. भास्कर ने इस तिमाही में सबसे ज्यादा पाठक जोड़े हैं. तीसरे नम्बर पर हिंदुस्तान मौजूद है, जिसने अपनी पाठक 1 करोड़ 20 लाख 33 हजार तक पहुंचा दी है. पिछली तिमाही में इसकी पाठक संख्या 1 करोड़ 19 लाख 85 हजार थी.
चौथे पायदान पर इस बार भी अमर उजाला मौजूद है. पर इस बार इसे नुकसान सहना पड़ा है. इसकी पाठक संख्या 88 लाख 91 हजार से घटकर 88 लाख 36 हजार हो गई है. पांचवे नम्बर पर मौजूद राजस्थान पत्रिका को इस बार फिर झटका लगा है. राजस्थान पत्रिका को इसके पहले भी नुकसान हुआ था. इसकी पाठक संख्या 69 लाख 41 हजार से घटकर 69 लाख 18 हजार रह गई है. पहली तिमाही में भी पत्रिका ने अपने पाठक गंवाए थे. छठवें स्थान पर मौजूद पंजाब केसरी को भी झटका लगा है. पिछली तिमाही के उसके 34 लाख 14 हजार पाठक अब घटकर 33 लाख 26 हजार पर पहुंच गए हैं.
सातवें स्थान पर मौजूद नवभारत टाइम्स को भी नुकसान उठाना पड़ा है. उसकी पाठक संख्या 26 लाख 50 हजार से घटकर 25 लाख 81 हजार पर पहुंच गई है. आठवें स्थान पर प्रभात खबर ने अपनी पकड़ और मजबूत की है. प्रभात खबर ने पिछली तिमाही के 18 लाख 93 हजार पाठकों की संख्या बढ़ाकर 20 लाख 63 हजार तक पहुंचा दी है. नौवे स्थान पर मौजूद नईदुनिया को भी झटका लगा है, उसकी पाठक संख्या पिछली तिमाही के 17 लाख 14 हजार से घटकर 16 लाख 30 हजार पर पहुंच गई है. पिछली बार 14 लाख 37 हजार पाठकों के साथ दसवें नम्बर पर रहा हरिभूमि टॉप टेन से बाहर हो गया है. इस बार उसे पीछे छोड़ते हुए पत्रिका ने टॉप टेन में अपनी जगह बनाई है. पत्रिका ने 14 लाख 30 हजार के साथ टॉप टेन में जगह बनाई है. पिछली तिमाही में उसके 12 लाख 51 हजार पाठक थे. स्रोत : आईआरएस





