महाराष्ट्र में पत्रकारों के उपर बढ़ते हमले और इस विषय पर महाराष्ट्र सरकार द्वारा साधी हुई चुप्पी के विरोध में राज्य व्यापी आंदोलन छेड़ने के लिए पत्रकार हमला विरोधी कृती समिति पर बढ़ते दबाव के चलते समिति की बैठक 3 जुलाई को मुंबई में होने जा रही है. दोपहर दो बजे मराठी पत्रकार परिषद के सीएसटी स्थित दफ्तर में इस मीटिंग का आयोजन किया गया है. समिति के कन्वेनर एसएम देशमुख मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे.
मीटिंग में समिति के सदस्यों के अलावा शहर के कुछ वरिष्ठ पत्रकारों को भी निमंत्रित किया गया है. महाराष्ट्र विधानमंडल का वर्षाकालीन अधिवेशन 15 जुलाई से शुरू होने जा रहा है. इस दौरान महाराष्ट्र में उग्र आंदोलन छेड़ने का फैसला इस मीटिंग में लिया जा सकता है. पत्रकारों के उपर बढ़ते हमले रोकने के लिये समिति पिछले तीन सालों से आंदोलन चला रही है. समिति की मांग है कि पत्रकारों के उपर होने वाला हमला नॉन बेलेबल ऑफेन्स बनाया जाय. साथ पत्रकारों पर हमले की कार्रवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट की ओर से की जाए.
इसी मांग को लेकर पिछले 8 मई को समति की ओर से पनवेल से मुख्यमंत्री आवास वर्षा तक कार रैली का आयोजन किया गया था. उस वक्त मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने इस बिल का ड्राफ्ट कैबिनेट के सामने रखने का वादा किया था. लेकिन यह वादा पूरा नहीं किया गया. जबकि इसके बाद से पत्रकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं. इस वर्ष के शुरुआत से लेकर अब तक 40 से ज्यादा पत्रकार हमलों के शिकार बन चुके हैं. सीएम की वादाखिलाफी से महाराष्ट्र के पत्रकारों में काफी गुस्सा है.





