आगरा से प्रकाशित हिंदी दैनिक 'पुष्प सवेरा' में स्थापना के समय से ही जुड़े रहे वरिष्ठ पत्रकार अनिल दीक्षित ने वापसी कर ली है. वे पुष्प सवेरा में वरिष्ठ समाचार संपादक के पद पर आए हैं. उन्होंने न्यूज मैगजीन 'सिटीजन पॉवर' से त्यागपत्र दे दिया है. वे मैगजीन के साथ एक्जीक्यूटिव एडीटर के रूप में जुड़े हुए थे. पुष्प सेवरा से ही इस्तीफा देकर वे यहां पहुंचे थे.
अनिल दीक्षित आगरा के तेजतर्रार पत्रकारों में शामिल किए जाते हैं. इससे पूर्व वह पांच वर्ष 'आज', तीन वंह वर्ष अमर उजाला, सात वर्ष दैनिक जागरण और दो वर्ष 'आईनेक्स्ट' में रहे हैं. आईनेक्स्ट के आगरा संस्करण की वह लांचिंग टीम का हिस्सा थे. पुष्प सवेरा की लांचिंग भी उन्हीं के नेतृत्व में हुई थी. पुष्प सवेरा से पूर्व वह कल्पतरू एक्सप्रेस के संपादकीय प्रभारी नियुक्त हुए थे, पर व्यक्तिगत कारणों से ज्वाइन नहीं कर पाए. बताया जा रहा है कि प्रबंधन की नीति को देखते हुए अनिल दीक्षित ने इस्तीफा दिया है.
वहीं दूसरी तरफ खबर है कि सिटीजन पॉवर में अमी आधार निडर को एक्जीक्यूटिव एडिटर बनाया गया है. उन्हें अनिल दीक्षित के पद पर लाया गया है. अमी आधार भी अमर उजाला, आई नेक्स्ट, कल्पतरु एक्सप्रेस समेत कई अखबारों को वरिष्ठ पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. खबर है कि बेहद बदहाली के दौर से गुजर रहे नालंदा इंफोमीडिया की सिटीजन पॉवर मैग्जीन को कुछ दिनों में बंद करके उसके पुराने मालिकों तथा वर्तमान में कान्सेप्ट एडिटर अजय शर्मा और मैनेजिंग एडिटर बृजेश शर्मा को सौंपी जाने वाली है. दिलचस्प बात यह है कि पत्रिका में अजय और बृजेश के समेत पांच संपादक हैं, जिनमें एडिटर इन चीफ संतोष कटारा, एडिटर राधेश्याम शर्मा और अमी आधार निडर.
बताया जा रहा है कि अनिल दीक्षित के साथ सागर गुजराती ने भी इस्तीफा दे दिया है. वे भी पुष्प सवेरा से इ्रस्तीफा देकर यहां पहुंचे थे. सूत्रों का कहना है कि अनिल दीक्षित से न्यूज चैनल लांच करने की योजना पर भी लंबी चौड़ी बात की गई थी, साथ ही मैगजीन को मासिक से साप्ताहिक करने की भी योजना थी, लेकिन प्रबंधन सारे मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया, जिसके बाद अनिल दीक्षित ने इस्तीफा दे दिया.





