नई दिल्ली : बसंत विहार सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अदालती कार्यवाही की कवरेज को लेकर अब विदेशी पत्रकार भी कोर्ट पहुंच गए हैं. इससे पहले भारतीय पत्रकार कोर्ट कवरेज का अधिकार पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटा चुके हैं. इस बार भारत में मौजूद विदेशी पत्रकारों के समूह ने दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है. याचिका में कहा गया है कि अदालत अपने 22 मार्च के उस आदेश पर फिर से विचार करे, जिसमें भारत के प्रिंट मीडिया व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों को इस मामले की सुनवाई कवर करने की अनुमति दे दी थी.
विदेशी पत्रकारों का कहना है कि वह भी पीआइबी एवं भारत सरकार के पास रजिस्टर्ड हैं. वे कई विदेशी मीडिया घरानों के लिए काम कर रहे हैं और अपनी जिम्मेदारी समझने वाले पत्रकार हैं. यह याचिका बुधवार को न्यायमूर्ति वीके जैन के समक्ष सुनवाई के लिए आई थी, लेकिन उन्होंने इस याचिका को न्यायमूर्ति राजीव शकधर की कोर्ट में भेज दिया है, क्योंकि न्यायमूर्ति शकधर ने ही 22 मार्च को अपने आदेश में भारतीय मीडिया को यह केस कवर करने की अनुमति दी थी. निचली अदालत ने सामूहिक दुष्कर्म के मामले की कवरेज पर रोक लगा दी थी. इस याचिका पर सुनवाई पांच जुलाई को होगी.






